सीमांकन के बाद भी नहीं छोड़ा कब्जा, टमाटर की फसल और ड्रिप सेट उखाड़ने का आरोप; SP से लगाई न्याय की गुहार

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम खोरघार निवासी एक किसान ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा, टमाटर की फसल नष्ट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता सिरनाम शाक्य पुत्र स्व. लल्लू शाक्य ने बताया कि उसकी स्वामित्व एवं आधिपत्य वाली भूमि सर्वे क्रमांक 1947 एवं 1918 स्थित ग्राम जामखेड़ी में है। आरोप है कि हरी शाक्य, उम्मेद शाक्य, मोहन शाक्य, अनिल शाक्य सहित उनके परिवार के सदस्यों ने भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। किसान ने तहसील से 25 जून 2026 को भूमि का सीमांकन भी कराया, लेकिन आरोपियों ने सीमांकन के निशान उखाड़ दिए और कब्जा नहीं छोड़ा।
पीड़ित का कहना है कि इस मामले की शिकायत उसने 2 जुलाई 2026 को सिरसौद थाने में भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
किसान ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 18 जुलाई 2026 की सुबह करीब 11 बजे आरोपी पक्ष ने उसकी जमीन में लगी टमाटर की फसल और सिंचाई के लिए लगाए गए ड्रिप सेट को उखाड़कर नष्ट कर दिया। साथ ही टमाटर के पौधों को भी कुचल दिया, जिससे उसे लगभग 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे, लाठी-डंडे लेकर मारपीट करने के लिए दौड़े और जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने कहा कि उसे और उसके परिवार को अपनी जान-माल का खतरा है।
किसान ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, अवैध कब्जा हटवाने तथा उसे सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
