1005413803

खेत में धान रूपाई के समय आ गए मिस्टर मगरमच्छ, मजदूरों में अफरा- तफरी

1005413803

शिवपुरी। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से जंगली जीव अब आबादी और खेतों की ओर पहुंचने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला ग्राम अकोदा में सामने आया, जहां धान की रोपाई कर रहे मजदूरों को खेत के बीचों-बीच करीब 5 से 6 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया।

मगरमच्छ को देखते ही मजदूर खेत छोड़कर बाहर निकल आए और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

धान की रोपाई के दौरान दिखा मगरमच्छ
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे गांव की नदी किनारे स्थित खेत में मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान पानी में अचानक हलचल हुई। पहले मजदूरों को किसी बड़े जीव का आभास हुआ, लेकिन पास जाकर देखा तो खेत के बीच एक मगरमच्छ मौजूद था।

मजदूरों में मची दहशत
मगरमच्छ दिखाई देने के बाद मजदूर तुरंत खेत से बाहर निकल आए और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का अनुमान है कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ बहकर खेत तक पहुंच गया।

देर रात तक लगा रहा लोगों का जमावड़ा
शाम होने के बाद मगरमच्छ कुछ सक्रिय जरूर हुआ, लेकिन खेत से बाहर नहीं निकला। आसपास के गांवों से भी लोग उसे देखने पहुंचते रहे। देर रात तक मौके पर भीड़ लगी रही। हालांकि सभी लोग सुरक्षित दूरी बनाकर मगरमच्छ को देखते रहे।

प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ और अन्य जंगली जीव आबादी वाले क्षेत्रों व खेतों तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि किसी भी जंगली जीव के दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और तत्काल वन विभाग या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *