1005413816

11 साल बाद फिर नंबर-1 बना शिवपुरी जिला अस्पताल, कायाकल्प अवार्ड में प्रदेश में पहला स्थान

1005413816

शिवपुरी। शिवपुरी जिला अस्पताल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं और बेहतर व्यवस्थाओं का लोहा मनवाते हुए कायाकल्प अवार्ड 2026 में पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।

अस्पताल को मूल्यांकन में 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। इस उपलब्धि पर अस्पताल को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

वर्ष 2015 में कायाकल्प योजना की शुरुआत के दौरान भी शिवपुरी जिला अस्पताल ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर 50 लाख रुपये का पुरस्कार जीता था। इसके बाद 11 वर्षों के उतार-चढ़ाव के बीच वर्ष 2026 में अस्पताल ने दोबारा प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर ने बताया कि मूल्यांकन के दौरान अस्पताल में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं, दवा वितरण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मरीजों की सुविधाएं, रिकॉर्ड संधारण, गुणवत्ता प्रबंधन, प्रसूति सेवाएं, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई सहित कई मानकों का गहन परीक्षण किया गया। इन सभी बिंदुओं पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते जिला अस्पताल प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।

इस सफलता का श्रेय सिविल सर्जन, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल प्रबंधन और समस्त कर्मचारियों की टीम भावना, समर्पण और निरंतर प्रयासों को दिया गया है।

2021-22 में मिला था सांत्वना पुरस्कार
इससे पहले वर्ष 2021-22 में भी जिला अस्पताल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के चयनित 40 जिलों में स्थान बनाया था। उस समय अस्पताल को कायाकल्प सद्भावना पुरस्कार के तहत 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई थी। अब 2026 में प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर जिला अस्पताल ने एक बार फिर शिवपुरी का गौरव बढ़ाया है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *