1005413770

एक ही रात में दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी, नकदी सहित हजारों का सामान पार

1005413770

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकानों के ताले तोड़कर नकदी सहित हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। दोनों पीड़ितों ने कोलारस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पंचर दुकान से ट्यूब, नकदी और अन्य सामान चोरी

पहली वारदात पुराने पुल के पास जगतपुर रोड स्थित एक पंचर दुकान पर हुई। दुकान संचालक इरशाद खान (40) ने बताया कि वह 17 जुलाई की शाम करीब 7 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे दुकान पहुंचे तो गुमटी का ताला टूटा मिला। जांच करने पर करीब 30 मोटरसाइकिल ट्यूब, दो पैकेट राजश्री, सिगरेट के पैकेट और लगभग 700 रुपये नकद गायब मिले। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

इलेक्ट्रिक स्टॉल से पानी की मोटर और तांबे का तार ले उड़े चोर

दूसरी चोरी पुराने पुल के पास स्थित एक इलेक्ट्रिक स्टॉल पर हुई। दुकान संचालक सतीश जाटव (22) ने बताया कि उनकी दुकान पर ग्राहकों के पंखे, कूलर और अन्य उपकरण मरम्मत के लिए रखे रहते हैं। एक ग्राहक द्वारा मरम्मत के लिए छोड़ी गई 2 एचपी की पानी की मोटर भी दुकान में रखी थी। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला। जांच करने पर 2 एचपी की मोटर और करीब 7 किलो तांबे का तार चोरी होना पाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों पीड़ितों ने कोलारस थाना पुलिस को अलग-अलग आवेदन देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *