दो दिन से लापता चचेरी बहन पूनम और कीर्ति का शव कुएं में मिलने से फैली सनसनी, पर्स में मिले मोबाइल नंबर वाले को उठाया, हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

शिवपुरी। जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम डेहरवाड़ा में दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक ही परिवार की दो बेटियों की एक साथ हुई मौत ने गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हादसे का है, आत्महत्या का है या किसी आपराधिक घटना से जुड़ा हुआ है।
मृतिकाओं की पहचान पूनम धाकड़ (16 वर्ष), पुत्री राजेंद्र धाकड़ एवं कीर्ति धाकड़ (16 वर्ष), पुत्री सुघर सिंह धाकड़, निवासी ग्राम निवारी-डेहरवाड़ा, थाना तेंदुआ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों चचेरी बहनें गुरुवार रात से लापता थीं। शुक्रवार को गांव के सरपंच द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दोनों के शव बरामद हुए।
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि एक किशोरी के पर्स से एक मोबाइल नंबर मिला है। परिजनों के अनुसार, इसी मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव के ही गोविंद नामदेव को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।
तेंदुआ थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दोनों किशोरियां घटनास्थल तक कैसे पहुंचीं, आखिरी बार किससे बात हुई और मौत से पहले वे कहां थीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
