SP कार्यालय के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा: अपहृत नाबालिग RAPE पीड़िता घरबालो के साथ जाने तैयार नहीं, परिजन मिलने की जिद कर रहे थे

शिवपुरी। आज शिवपुरी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर एक नाबालिग किशोरी के परिजनों ने जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा किया, नाबालिग बालिका के परिजनों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि बालिका की बरामदगी के बाद भी उन्हें उससे मिलने नहीं दिया जा रहा है और न ही उसे उनके सुपुर्द किया जा रहा है।साथ ही उन्होंने मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई कर एफआईआर में गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की है।
परिजनों ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि बालिका के लापता होने पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बाद में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बालिका को बरामद कर लिया। उनका आरोप है कि पूछताछ के दौरान बालिका ने एक आरोपी के अलावा अन्य लोगों पर भी दुष्कर्म के आरोप लगाए थे, लेकिन अब तक अन्य आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
परिजनों का कहना है कि उन्हें बालिका से मिलने या बातचीत करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसी के विरोध में उन्होंने एसपी कार्यालय के बाहर धरना देकर न्याय की मांग की।
वहीं, सीहोर थाना प्रभारी जूली तोमर ने बताया कि मामले में पहले से एफआईआर दर्ज है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा चुकी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, गुरुवार को बालिका की काउंसलिंग कराई गई थी। इसके बाद परिजनों ने उसे अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया। ऐसे में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के निर्देश पर बालिका को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। अगली काउंसलिंग के बाद समिति आगे का निर्णय लेगी। पुलिस का कहना है कि इस प्रक्रिया में उसकी कोई भूमिका नहीं है।
