प्रधानमंत्री मोदी ने किया शिवपुरी के आधुनिक रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, ₹22 करोड़ से बदली स्टेशन की तस्वीर

शिवपुरी। भारत सरकार की महत्त्वाकांक्षी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत आज शिवपुरी जिला मुख्यालय को एक बड़ी विकासपरक सौगात प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया गया, जिसमें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित, पुनर्विकसित शिवपुरी रेलवे स्टेशन का भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भव्य लोकार्पण किया गया।
लगभग ₹22 करोड़ की लागत से कायाकल्प किए गए इस स्टेशन से क्षेत्र के यात्रियों को अब एक नया और सुगम यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।बदली स्टेशन की सूरतपुनर्विकसित शिवपुरी रेलवे स्टेशन को सर्व-सुविधा युक्त बनाया गया है। इस पुनर्विकास परियोजना के तहत स्टेशन बिल्डिंग का आधुनिक सुधार, नए कवर ओवर प्लेटफॉर्म और यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज तैयार किया गया है।
इसके साथ ही स्टेशन पहुंच मार्ग का चौड़ीकरण, आधुनिक इलेक्ट्रिक डिस्प्ले बोर्ड, नया वेटिंग एरिया और मानक संकेतक लगाए गए हैं। विशेष रूप से दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर उनके आने-जाने के लिए अनुकूल इंतजाम किए गए हैं।
सुनहरा वर्तमान, प्राचीन इतिहास और उज्ज्वल भविष्य का संगम: केंद्रीय मंत्री सिंधिया
इस गरिमामयी अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर रेलवे स्टेशन से वर्चुअली जुड़कर शिवपुरी जिलेवासियों को संबोधित किया। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा: “आज हमारे शिवपुरी का हर नागरिक गर्व का अनुभव कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया है, उनमें हमारा शिवपुरी रेलवे स्टेशन भी शामिल है।
यह स्टेशन नए भारत के आत्मविश्वास, आधुनिक अवसंरचना और विकसित भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है। अब शिवपुरी का प्रत्येक यात्री अधिक सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा का लाभ उठा सकेगा।”केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे का एक नया उदय हो रहा है। आज कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से अरुणाचल प्रदेश तक रेलवे का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। शिवपुरी का यह नया स्टेशन जिले की जनता को ‘फूलों की माला’ की तरह समर्पित है। उन्होंने जिले वासियों से पुनर्विकसित स्टेशन का भ्रमण करने की अपील करते हुए कहा कि स्टेशन की दीवारों पर उकेरा गया यहां का प्राचीन इतिहास, सुनहरा वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य का एक अनूठा अनुभव कराएगा।
लोकार्पण समारोह में उपस्थित शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने इसे जिले के लिए सौभाग्य का दिन बताया। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आज शिवपुरी को यह बड़ी सौगात मिली है। आज भारतीय रेलवे का विस्तार चीन बॉर्डर से लेकर देश की नदियों और दुर्गम पर्वतों तक पहुंच चुका है, जिससे हर क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हो रहा है।
जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने भी संबोधित किया और कहा कि सर्व-सुविधा युक्त यह स्टेशन शिवपुरीवासियों को समर्पित होकर ‘विशिष्ट भारत विजन’ की ओर एक और मजबूत कदम है। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की और सभी आगंतुकों व रेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, बच्चों को मिले पुरस्कार
स्टेशन लोकार्पण के इस पावन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए लोक नृत्य, चित्रकला और अन्य विधाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
गरिमामयी समारोह में यह रहे उपस्थित
इस ऐतिहासिक अवसर पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, भोपाल मंडल के मुख्य परियोजना अधिकारी अनुपम अवस्थी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्याम सिंह बरेड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। यह पुनर्विकसित स्टेशन न केवल यात्रियों को सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि आने वाले समय में शिवपुरी क्षेत्र के आर्थिक, व्यापारिक और सामाजिक विकास को भी एक नई और तीव्र गति देगा
