SP साहिबा: मेरी पत्नी और 2 बच्चों की मां को भागकर ले गया आपका पुलिसकर्मी, अब पुलिस भी नहीं सुन रही, न्याय करो

शिवपुरी। जिले के कोलारस कस्बे के रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी के एक पुलिसकर्मी के साथ चले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। युवक का दावा है कि उसकी पत्नी पिछले एक वर्ष से संबंधित पुलिसकर्मी के संपर्क में थी और अब घर से नकदी व जेवर लेकर चली गई है।
पीड़ित दीपक गोलिया ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में रचना गोलिया से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, जिन्हें पत्नी घर पर छोड़कर चली गई। दीपक का आरोप है कि उसकी पत्नी का इंदार थाने में पदस्थ आरक्षक भानु सोलंकी से पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। शक होने पर उसने पत्नी का व्हाट्सएप अपने मोबाइल में लिंक किया, जिससे उसे कई वीडियो कॉल और बातचीत की जानकारी मिली।
दीपक के अनुसार, 9 जुलाई को वह रन्नौद में हाजी अली उर्स में गया था। वापस लौटने पर पत्नी घर पर नहीं मिली। उसका आरोप है कि पत्नी घर से करीब 2 लाख रुपये नकद और जेवरात भी साथ ले गई।पीड़ित का कहना है कि उसने उसी रात पुलिस को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी और संबंधित पुलिसकर्मी उसे फोन पर धमकी दे रहे हैं। युवक के मुताबिक, पत्नी ने फोन कर कहा कि उसने दूसरी शादी कर ली है और अब उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहती।फिलहाल मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। युवक के आवेदन के आधार पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
