अमोला थाने में पुलिसकर्मियों ने आदिवासी महिलाओं ने लगाया मारपीट और धमकी का आरोप, SP से न्याय की गुहार

शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम चौराहा की तीन आदिवासी महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत देकर अमोला थाना पुलिस, एक ग्रामीण और उसके परिजनों पर मारपीट, अभद्रता, धमकी और झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता जशोड़ी आदिवासी, रामकुंवर आदिवासी और हल्की आदिवासी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि रामकुमार लोधी से जुड़े विवाद के दौरान अमोला थाने के पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
महिलाओं का यह भी आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और पुलिस द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक महिला के ब्लाउज फाड़ दिए गए तथा रामकुंवर आदिवासी के पास रखे 40 हजार रुपये भी छीन लिए गए। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कार्रवाई की मांग करने पर उन्हें लगातार डराया-धमकाया जा रहा है।
पीड़ित महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों एवं आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा उन्हें सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित आरोपितों की होगी।
फिलहाल मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
