गल्ला मंडी में वारदात की फिराक में घूम रहा युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद

शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गल्ला मंडी परिसर से एक युवक को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक गल्ला मंडी परिसर में देशी कट्टा लेकर वारदात की नियत से घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नबल पुत्र बालकिशन जाटव (25) निवासी ग्राम दाबरअली थाना सीहोर, जिला शिवपुरी बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से 315 बोर का देशी कट्टा और पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कट्टा और कारतूस जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
