सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना: मथुरा-वृंदावन दर्शन करने गए शिक्षक के घर से 12 लाख के जेवरात चोरी

शिवपुरी। खबर शहर के देहात थाना क्षेत्र से है। जहां तुलसी नगर में सीएम राइज स्कूल के शासकीय शिक्षक के मकान में 12 लाख रूपए कीमती जेवरात की चोरी का मामला सामने आया है। शिक्षक परिवार सहित मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए गया था।
इसी दौरान चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जब सोमवार शाम करीब 4 बजे पीड़ित परिवार दर्शन कर घर लौटा था। तब घर का दरवाजा खुला मिला। जिसके बाद चोरी की शिकायत थाने में दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शिक्षक बलराम झा ने बताया कि वह परिवार सहित मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए गए थे। सोमवार को करीब 4 बजे घर लौटे थे। इसके बाद उन्हें घर का दरवाजा खुला मिला। घर में अंदर घुसने पर सामान बिखरा और अलमारी का लॉक टूटा मिला था।
अलमारी में रखे तीन सोने के हार, तीन सोने की चूड़ी के सेट, एक बेंदा, एक सोने का बड़ा मंगलसूत्र, सोने के दो छोटे मंगलसूत्र, दो बड़ी जेंट्स अंगूठी, चार लेडीज अंगूठी, चांदी के एक बड़ी करधौनी, दो छोटी करधौनी, चांदी की एक जोड़ बड़ी तोड़िया, छह जोड पायलें, सोने की एक जोड़ झुमकी, चार जोड़ टाप्स चोरी करके ले गए। चोरी हुए जेबरात करीब 12 लाख रुपए के थे। इसकी शिकायत देहात थाना में दर्ज कराई गई है।
शिक्षक बलराम झा ने बताया कि उसने अपने बेटों की शादी के लिए बहूओं के लिए जेवरात बनवा कर रखे थे। रविवार की शाम तक वापस लौट कर घर आ जाना था। हालांकि कोहरा होने की वजह से उन्हें ग्वालियर अपने परिवार के साथ रविवार को रुकना पड़ा था। इसके बाद आज वह अपने घर पहुंचे। जहां उनके घर में चोरी हो चुकी थी। मामले में पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
