SHIVPURI में एक युवक को पकड़ने आयी महाराष्ट्र पुलिस को शिवपुरी पुलिस ने बैरंग लौटाया,बैंक अकाउंट ठगी का है माामला

शिवपुरी। खबर जिले के बदरवास जनपद की ग्राम पंचायत दोहा से है जहां आदिवासी बस्ती दीवट के 16 आदिवासियों के खातों का उपयोग कर 65 लाख रुपए से ज्यादा धन गंवाने वाले और लोग सामने आने लगे हैं। ऐसे ही एक मामले में गुरुवार को महाराष्ट्र पुलिस विक्रम आदिवासी को धोखाधड़ी का आरोपी मानते हुए गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसे पूरी कहानी समझ आई। शिवपुरी पुलिस ने पूरी वस्तुस्थिति समझाते हुए बैरंग लौटा दिया।

इससे पूर्व तक सिर्फ प्रकाश आदिवासी को आरोपी मानते हुए राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में संजय गांधी नाम के एक व्यक्ति ने ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में प्रकाश आदिवासी बांसवाड़ा जेल में बंद है। इसके बाद यहां हुए खुलासे में सामने आया कि प्रकाश के अलावा 15 अन्य आदिवासियों के खातों का इस्तेमाल भी धोखेबाजों ने किया है और इनके जरिए 65 लाख 67 हजार रुपए हड़पे हैं। लेकिन जिनसे यह रकम हड़पी गई है, उनमें से कोई और अब तक सामने नहीं आया था। अब महाराष्ट्र मुम्बई के थाना ताड़देव निवासी सुरेंद्र सामने आए हैं। उन्होंने ताड़देव में ही मुकदमा दर्ज करवाया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उनसे 1 लाख 36 हजार रुपए की धोखाधड़ी हुई।

पुलिस की जांच में पता लगा कि यह राशि तीन बार में यहां दीवट (शिवपुरी) निवासी वि₹म आदिवासी के एक्सिस बैंक खाते में आई। इसी आधार पर विक्रम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ताड़देव थाने की पीएसआई कल्याणी महाले गुरुवार को उसकी गिरफ्तारी के लिए पहुंची। रेल में शिवपुरी तक आने के बाद पीएसआई ऑटो में बैठकर बदरवास पहुंचीं। यहां बदरवास में स्थानीय पुलिस से मिलीं तो उन्हें पता लगा कि जिसे वे पकडऩे आई हैं, वह तो खुद धोखाधड़ी का शिकार है और इस मामले में फरियादी है। और जांच हो रही है। जांच पूरी होने के बाद इसके निष्कर्ष से भी महाराष्ट्र पुलिस को अवगत कराया जाएगा।

स्थानीय पुलिस अधीक्षक ने पहले ही आदिवासियों को आश्वस्त कर दिया था कि किसी भी राज्य की पुलिस को निर्दोष आदिवासियों को प्रकाश जैसे गिरफ्तार करके नहीं ले जाने देंगे। इसी क्रम में बदरवास पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस की अधिकारी को सभी 16 आदिवासियों के खातों के धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जाने के सारे दस्तावेज दिखाए और कुछ उन्हें सौंपे भी। उन्हें प्रकाश के अलावा उपस्थित सभी 15 आदिवासियों से लिए गए कथनों की जानकारी भी दी गई। स्थानीय पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस को यह भी बताया कि इन आदिवासियों के खाते खुलवाकर धोखाधड़ी का जाल रचने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई की जा रही है। महाराष्ट्र पुलिस को यह जानकारी भी दी गई कि शिवपुरी पुलिस ने बांसवाड़ा राजस्थान में प्रकाश की जमानत के लिए आर्थिक व अन्य मदद मुहैया करवाई है। प्रकाश की जमानत याचिका गुरुवार को निचली अदालत में खारिज हो गई। अब सेशन कोर्ट में जमानत याचिका लगाई जाएगी।

इनका कहना है
हमारे यहां 19 मार्च से 28 मार्च के बीच में 1 लाख 36 हजार रुपए की राशि का फ्रॉड हुआ है। उसकी राशि दीवट गांव के विक्रम आदिवासी के खाते में आई है, तो हमारे यहां मामला दर्ज है। उसी मामले में हम विक्रम को पकड़ने आए थे।
कल्याणी महाले, पीएसआई, ताड़देव (मुम्बई, महाराष्ट्र)

ताड़देव (महाराष्ट्र) थाने की पुलिस दीवट के विक्रम आदिवासी को पकड़ने आई थी। वहां किसी दूसरे खाते से राशि फ्रॉड कर विक्रम के खातेे में आई थी। फिलहाल जब तक जांच पूरी नहीं होती, उनमें से किसी को आरोपी नही मान सकते। हमने महाराष्ट्र पुलिस को विक्रम को ले जाने से मना कर दिया।
सुनील खेमरिया, थाना प्रभारी बदरवास (शिवपुरी)

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *