ठगी का नया तरीका शादी का कार्ड देने घर में घुसे आरोपी, मोबाइल लेकर कॉल किया, फिर OTP लेने का प्रयास, भाग गए, FIR

शिवपुरी। शहर में ठगी का एक नया तरीका सामने आया है। शादी का फर्जी कार्ड देकर पहले मोबाइल नंबर की पुष्टि की गई और फिर कुछ दिन बाद छह युवक घर पहुंचकर मोबाइल चेक करने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई। कोतवाली पुलिस ने छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिटी सेंटर कॉलोनी निवासी रामकुमार वर्मा (40) ने पुलिस को बताया कि 5 जुलाई की सुबह एक अज्ञात युवक उनके घर आया। उसने शादी का कार्ड दिया और उनके मोबाइल से एक नंबर पर कॉल करने को कहा। कॉल रिसीव नहीं होने पर वह चला गया।
इसके बाद 12 जुलाई की दोपहर दो युवक फिर उनके घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी बहन के यहां गलती से शादी का कार्ड पहुंच गया है और कार्ड देने वाले व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया है। इसी दौरान चार अन्य युवक भी वहां आ गए और सभी ने रामकुमार का मोबाइल चेक करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
रामकुमार ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया और पुलिस बुलाने की बात कही। यह सुनते ही सभी युवक मौके से भाग निकले। बाद में रामकुमार ने अपने मित्र रामगोपाल के साथ उनकी तलाश की। सिटी सेंटर क्षेत्र में छह युवक दिखाई भी दिए, लेकिन दोनों को देखकर फिर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि उसी दिन दोपहर करीब 2:17 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को थाने में होना बताया और उन्हें वहां बुलाया। जब रामकुमार ने कहा कि वह पहले ही थाने पहुंच चुके हैं और सामने वाला भी वहीं आ जाए, तो कॉल तुरंत काट दी गई।
रामकुमार का आरोप है कि शादी के फर्जी कार्ड, मोबाइल चेक करने के बहाने और पुलिस का नाम लेकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश की गई। उनका मानना है कि आरोपियों की मंशा किसी प्रकार की साइबर ठगी या अन्य वारदात को अंजाम देने की थी। उन्होंने फर्जी शादी का कार्ड भी पुलिस को सौंप दिया है।
कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
