नशे से दूरी है जरूरी 2.0: बैराड़ पुलिस ने 100 लीटर कच्ची शराब के साथ प्रमोद को पकड़ा

शिवपुरी। बैराड़ थाना पुलिस ने “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 100 लीटर हाथ भट्टी से बनी अवैध कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टोरिया पहाड़ी के पीछे अमरपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति दो प्लास्टिक की केन लेकर खड़ा मिला, जो पुलिस को देखकर भागने लगा।
घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रमोद पुत्र सीताराम कुशवाह (24), निवासी बहरगवां, थाना बैराड़ बताया। उसके कब्जे से 100 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश शर्मा, सउनि केदार सिंह, आरक्षक गिर्राज, राजेन्द्र एवं अजय नीखरा की सराहनीय भूमिका रही।
