1000838590

आंबेडकर प्रतिमा विवाद गहराया, एक पक्ष ने दिया धरना तो दूसरे ने कार्रवाई की उठाई मांग

1000838590

शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव में शासकीय भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। प्रशासन द्वारा प्रतिमा हटाए जाने और दो युवकों पर कार्रवाई के बाद शनिवार को मामले ने नया मोड़ ले लिया। एक ओर बहुजन समाज के लोगों ने कोलारस थाने पर धरना देकर युवकों की रिहाई और प्रतिमा की पुनर्स्थापना की मांग की, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने शुक्रवार को शासकीय भूमि पर स्थापित प्रतिमा को हटाकर अभिरक्षा में ले लिया था और दिलीप तथा धर्मेंद्र नामक दो युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया था। इसके विरोध में शनिवार दोपहर बहुजन समाज के लोग कोलारस थाने पहुंचे और करीब साढ़े तीन घंटे तक धरना दिया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद धरना समाप्त हुआ तथा एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने दोनों युवकों को जमानत पर रिहा कर दिया।

उधर, अनंतपुर और आसपास के गांवों के 200 से अधिक ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने बिना अनुमति शासकीय भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर गांव का माहौल खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने बाहरी लोगों द्वारा गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया। एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि संबंधित भूमि शासकीय है और किसी भी प्रतिमा की स्थापना के लिए प्रशासनिक अनुमति आवश्यक होती है। प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई की है और नियम विरुद्ध किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *