योग दिवस पर शिवपुरी ने दिखाया उत्साह : प्रभारी मंत्री के साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया योगाभ्यास

शिवपुरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस रविवार को जिलेभर में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित तात्या टोपे खेल परिसर (पोलो ग्राउंड) और खोड़ के धार महादेव मंदिर प्रांगण सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने भाग लेकर योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
मुख्य कार्यक्रम पोलो ग्राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया।
वहीं खोड़ स्थित धार महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ विधायक देवेंद्र जैन और भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने भी योगाभ्यास किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने जन चौपाल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
