मोहर्रम पर मायके जाने को लेकर विवाद, गर्भवती महिला सहित दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप

शिवपुरी। शहर की पुरानी शिवपुरी स्थित रहमत मस्जिद वाली गली में मोहर्रम के दौरान मायके जाने की बात को लेकर पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में एक गर्भवती महिला ने अपने पति समेत चार ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी मायके वालों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।
रूबीना पत्नी सोहिल खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 जून की शाम उसने मोहर्रम पर मायके जाने की इच्छा जताई थी। इसी बात को लेकर पति सोहिल खान, जेठ मोहसिन खान, सास शमीम बेगम और ससुर अनवर खान ने कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की। रूबीना का आरोप है कि विवाद के दौरान उसके पति ने पेट में लात मारी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता और भाई के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, सोहिल खान का कहना है कि उसकी पत्नी गुना जाकर ताजिये देखने की जिद कर रही थी। मना करने पर उसने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया, जिसके बाद घर पहुंचकर उनके साथ मारपीट की गई। सोहिल ने आरोप लगाया कि धक्का-मुक्की के दौरान उसकी नौ माह की गर्भवती भाभी गिर गईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस के अनुसार, एक पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जबकि दूसरे पक्ष के आवेदन की जांच जारी है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
