तेज आंधी-बारिश से 4 मकानों की टीन शेड उड़ी, सामान और अनाज हुआ खराब

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के चितारा गांव में शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपा दिया। तेज हवाओं के चलते चार मकानों की टीन शेड उड़ गईं, जिससे घरों में मौजूद लोगों को जान बचाने के लिए बाहर भागना पड़ा। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, भरत जाटव के मकान में उनका दिव्यांग भाई छोटू जाटव, पत्नी मायावती, मां श्रीयाबाई और चार बच्चे मौजूद थे। अचानक तेज हवा के साथ मकान की टीन शेड उड़ जाने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। इसी तरह विजय जाटव, लखन जाटव और इमरत जाटव के मकानों की टीन शेड भी आंधी में क्षतिग्रस्त हो गईं।
आंधी और बारिश के कारण प्रभावित परिवारों का घरेलू सामान और अनाज भी भीगकर खराब हो गया। वहीं विजय जाटव की मोटरसाइकिल पर टीन शेड गिरने से उसे भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
