उत्कर्ष शिवहरे सुसाईड केस में पत्नी समेत 5 पर फर्जी दस्तावेज पेश करने का नया केस दर्ज

शिवपुरी। जिले के बहुचर्चित उत्कर्ष शिवहरे आत्महत्या प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद उत्कर्ष की पत्नी रिया शिवहरे समेत पांच लोगों के खिलाफ कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर न्यायालय में पेश करने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने जमानत प्राप्त करने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया।
जानकारी के अनुसार, उत्कर्ष शिवहरे ने 19 अप्रैल 2026 को आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पहले से ही रिया शिवहरे, उनके पिता जितेंद्र शिवहरे, भाई ध्रुव शिवहरे सहित अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज है। जमानत आवेदन की सुनवाई के दौरान आरोपियों की ओर से एक दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था, जिसमें दावा किया गया था कि घटना वाले दिन रिया शिवहरे ने भोपाल के गौतम नगर थाने में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना संबंधी शिकायत दर्ज कराई थी।
दस्तावेज की जांच में पुलिस को कई विसंगतियां मिलीं। गौतम नगर थाना, भोपाल से प्राप्त जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस रिकॉर्ड के परीक्षण में शिकायत दर्ज कराने के दावे की पुष्टि नहीं हो सकी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने गीता शिवहरे, रिया शिवहरे, जितेंद्र शिवहरे, ध्रुव शिवहरे और रियम शिवहरे के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में नया मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
