5 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

शिवपुरी। जिले में स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रन्नौद थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 वर्ष से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रन्नौद थाना पुलिस द्वारा लंबित स्थायी वारंटों की तामील के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही थी। तलाश अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि करीब 5 वर्ष से फरार चल रहा स्थायी वारंटी अमर सिंह आदिवासी अपने गांव टोकनी आया हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रन्नौद उप निरीक्षक राजीव कुमार दुबे ने पुलिस टीम को रवाना किया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रकरण क्रमांक 323/21 में फरार स्थायी वारंटी अमर सिंह आदिवासी पुत्र हरज्ञान आदिवासी (46) निवासी ग्राम टोकनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय न्यायालय जेएमएफसी कोलारस के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे उप जेल कोलारस भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव कुमार दुबे, सउनि जयनारायण, प्रधान आरक्षक जगेश सिकरवार, आरक्षक महेश सिंह एवं दीपक तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
