85 वर्षीय किसान की जमीन का फर्जी अनुबंध कराने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज

शिवपुरी। ग्वालियर बायपास रोड निवासी 85 वर्षीय किसान रामजीलाल वर्मा की जमीन का कथित रूप से फर्जी अनुबंध कराने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी शिवकुमार गौतम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार रामजीलाल वर्मा के नाम राजस्व अभिलेखों में भूमि सर्वे नंबर 609/2 दर्ज है। आरोप है कि फरवरी 2024 में शिवकुमार गौतम ने उक्त भूमि को अपनी बताकर हेमंत कुमार गुप्ता के साथ अनुबंध कर लिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह अनुबंध पूरी तरह फर्जी और कूटरचित है, जिसका उद्देश्य उनकी संपत्ति से अवैध लाभ प्राप्त करना था।
रामजीलाल वर्मा ने मामले की शिकायत पहले फिजिकल थाना, कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय की शरण ली। न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किए जाने के बाद मामले की सुनवाई हुई।
सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 175(3) के तहत कोतवाली थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। न्यायालय के आदेश के पालन में पुलिस ने आरोपी शिवकुमार गौतम, निवासी किड्स गार्डन स्कूल के पास, शिवपुरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 336(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि अनुबंध से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
