सिंध नदी के रिजौदी घाट पर माइनिंग विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 वाहन जब्त

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र स्थित सिंध नदी के रिजौदी घाट पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ माइनिंग विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 वाहनों को जब्त किया है। बुधवार रात बदरवास थाना पुलिस के सहयोग से की गई इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार माइनिंग विभाग की टीम ने रिजौदी घाट पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभागीय अमले को देखकर वाहन चालक अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके से 10 ट्रैक्टर और 3 हाइड्रा ट्रैक्टर जब्त किए।
जब्त किए गए सभी 13 वाहनों को बदरवास थाना परिसर में पुलिस की सुपुर्दगी में खड़ा कराया गया है। बताया जा रहा है कि बदरवास क्षेत्र में सिंध नदी के विभिन्न घाटों से लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में रिजौदी घाट पर की गई यह कार्रवाई जिले की बड़ी माइनिंग कार्रवाइयों में शामिल मानी जा रही है।
माइनिंग इंस्पेक्टर ऋषभ दीक्षित ने बताया कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि रिजौदी घाट से कुल 13 वाहन जब्त किए गए हैं और सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गोपालपुर थाना क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन भी पकड़ी गई है। संबंधित मामलों के प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे, जहां नियमानुसार जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार मिल रही शिकायतों के बीच हुई इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब प्रशासन की निगाहें क्षेत्र में सक्रिय अन्य अवैध खनन गतिविधियों पर भी बनी हुई हैं।
