लक्ष्मीपुरा में बुजुर्ग महिला पर जंगली जानवर का हमला, चीता या तेंदुआ? जांच में जुटा वन विभाग

शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुरा में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग महिला पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। महिला का दावा है कि उस पर चीते ने हमला किया, जबकि वन विभाग ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लक्ष्मीपुरा निवासी सोमली भील गुरुवार सुबह करीब 5 बजे गांव के बाहर शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक जंगली जानवर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला के मुताबिक जानवर ने उन पर झपट्टा मार दिया, जिससे उनकी गर्दन और हाथ पर चोटें आईं। उनके शरीर पर पंजों के निशान भी पाए गए हैं।
अचानक हुए हमले से घबराई महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ को आता देख जंगली जानवर वहां से भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी जा रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना के बाद विभागीय अमला तत्काल मौके पर नहीं पहुंचा।
घायल महिला सोमली भील का कहना है कि हमला करने वाला जानवर चीता था। वहीं वन विभाग का कहना है कि घटना की जांच के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। वन विभाग की रेंजर श्रुति राठौर ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में चीते की सक्रिय मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। महिला के शरीर पर मिले घावों और पंजों के निशानों का परीक्षण किया जा रहा है।
रेंजर के अनुसार प्रारंभिक तौर पर तेंदुए के हमले की संभावना भी जताई जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पैरों के निशानों का भी परीक्षण किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमला करने वाला जानवर चीता था या तेंदुआ।
महिला को बेहतर उपचार के लिए श्योपुर भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। वन विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच जारी है।
