1000833487

किन्नरों ने SP ऑफिस पर दिया धरना, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और मारपीट के लगाए आरोप

1000833487

शिवपुरी। खतौरा में दो किन्नरों के साथ हुई मारपीट और बाल काटने की घटना के बाद गुरुवार को मामला और गर्मा गया। नेहा और मुस्कान किन्नर के समर्थन में बड़ी संख्या में किन्नर समुदाय के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

भोपाल से पहुंचीं जगत गुरु मां काजल ठाकुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। ज्ञापन में नेहा अहिरवार और मुस्कान गुर्जर ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव डाला जा रहा था और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।

ज्ञापन के अनुसार 16 जून को खतौरा क्षेत्र में उनके साथ मारपीट कर अपमानित किया गया, जान से मारने की धमकी दी गई और उनके बाल काट दिए गए। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान सोने की चेन, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए।

जगत गुरु मां काजल ठाकुर ने आरोप लगाया कि उनके कुछ चेलों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर नेहा और मुस्कान के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

गौरतलब है कि 16 जून को इंदार थाना क्षेत्र के खतौरा कस्बे में किन्नर समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही आठ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर चुकी है।

अब पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा उपलब्ध कराने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और धर्म परिवर्तन के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *