1000830226

महिला विवाद में क्लिनिक संचालक की पीट-पीटकर हत्या, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम

1000830226

शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र के भयावन गांव में एक महिला से जुड़े विवाद को लेकर 40 वर्षीय क्लिनिक संचालक प्रभान सिंह लोधी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भौंती थाने के सामने पिछोर-शिवपुरी मार्ग पर चक्काजाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने इस मामले में 15 नामजद सहित 30 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

मृतक की पत्नी मीना लोधी के अनुसार मंगलवार शाम प्रभान सिंह घर पर खाना खा रहे थे, तभी आरोपियों की भीड़ गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आई। आरोप है कि हमलावर प्रभान सिंह को जबरन घर से बाहर घसीटकर ले गए और लाठी, डंडों तथा पत्थरों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।

गंभीर रूप से घायल प्रभान सिंह को परिजन तत्काल पिछोर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार पूरा विवाद एक महिला से जुड़े मामले को लेकर चल रहा था। बताया गया है कि संबंधित महिला की शादी अप्रैल माह में हुई थी, लेकिन वह ससुराल जाने को तैयार नहीं थी। हाल ही में महिला और उसके परिजनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा। महिला ने अपने परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और वह प्रभान सिंह लोधी के साथ जाने की इच्छा जता रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था।

घटना वाले दिन दोनों पक्ष भौंती थाने भी पहुंचे थे, जहां पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें वापस भेज दिया था। इसके कुछ समय बाद ही प्रभान सिंह पर हमला कर दिया गया।

मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन भौंती थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछोर-शिवपुरी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।

पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि मामले में रामनिवास पाल, देवेंद्र पाल, राजू पाल, बलवीर पाल, सुदामा पाल, परमेश्वरदास पाल, मिजाजी पाल, केशपाल, प्रदीप पाल, दिनेश पाल, अंगद लोधी, अनिल लोधी, पुष्पेंद्र पाल, शैतान पाल और मोहर सिंह पाल सहित 15 नामजद तथा 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *