गुड़र गांव में भीषण धमाका: मकान ढहा, 4 वर्षीय मासूम की मौत; परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलसे

शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत गुड़र गांव में बुधवार सुबह हुए भीषण विस्फोट ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। धमाके के साथ मकान की छत और दीवारें भरभराकर गिर गईं, जबकि आग की तेज लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मलबे में दबने और आग से झुलसने के कारण 4 वर्षीय जाह्नवी प्रजापति की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। प्राण सिंह प्रजापति की पत्नी रोशनी प्रजापति अपनी बेटी जाह्नवी को स्कूल भेजने की तैयारी कर रही थीं और रसोई में गैस चूल्हे पर नाश्ता बना रही थीं। उसी समय जाह्नवी घर में पलंग पर बैठी थी, जबकि उसका डेढ़ वर्षीय भाई शिवा पास में मौजूद था। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और पूरा मकान हिल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान की छत और दीवारें ढह गईं तथा कई फीट ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। घर के बाहर बैठे फूल सिंह प्रजापति परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए अंदर दौड़े, लेकिन वे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया। मलबे के नीचे दबे 4 वर्षीय जाह्नवी के शव को बाहर निकाला गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हादसे में घायल रोशनी प्रजापति, प्राण सिंह प्रजापति, शिवा प्रजापति और अंकेश को पहले शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल गंभीर रूप से झुलसे हैं।
विस्फोट के कारणों को लेकर फिलहाल जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर घर में रखे डीजल-पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों में आग लगने के बाद विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि घर में रखे गैस सिलेंडरों में से एक में धमाका हुआ था। प्रशासन का कहना है कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, विधायक प्रीतम लोधी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जबकि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
