क्षेत्र बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुटों में विवाद, मारपीट और बाल काटने का आरोप; 8 पर FIR

शिवपुरी। जिले के खतौरा कस्बे में क्षेत्र बंटवारे को लेकर किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान दो किन्नरों के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए और कैंची से बाल काट दिए गए। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार रन्नौद निवासी नेहा किन्नर अपनी साथी मुस्कान किन्नर, बेबी किन्नर, हसीना किन्नर और चालक देवेंद्र रजक के साथ खतौरा स्थित एक मेडिकल दुकान के पास मौजूद थीं। इसी दौरान ईसागढ़ निवासी प्रिंसी किन्नर, आशी उर्फ आशू किन्नर, जोया किन्नर और तमन्ना किन्नर वहां पहुंचीं। क्षेत्र बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
शिकायत के अनुसार मुस्कान किन्नर को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके बाल भी काट दिए गए। मुस्कान को बचाने पहुंचीं नेहा किन्नर के साथ भी मारपीट की गई और उनके बाल काट दिए गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए बदरवास अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मुस्कान किन्नर का उपचार अभी भी मेडिकल कॉलेज में जारी है।
घटना से कुछ घंटे पहले ही रन्नौद निवासी भावना किन्नर ने कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में आवेदन देकर कुछ किन्नरों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और झूठे मामलों में फंसाने की आशंका जताई थी। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
वहीं नेहा और मुस्कान किन्नर की गुरु जगत मां काजल ठाकुर ने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के पीछे बाहरी लोगों की भूमिका है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
इधर थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि नेहा किन्नर की शिकायत पर प्रिंसी किन्नर, आशी उर्फ आशू किन्नर, जोया किन्नर, तमन्ना किन्नर, भावना किन्नर, सकीना किन्नर, शिखा किन्नर और वैष्णवी किन्नर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
