अवैध रेत कारोबार की सूचना देने के शक में किसान से मारपीट, 3 पर FIR

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के पिपरोदा अटलपुर गांव में अवैध रेत कारोबार की सूचना देने के शक में एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने किसान पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित अर्जुन सिंह गुर्जर ने पुलिस को बताया कि वह गांव में लाल साहब गुर्जर के घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान गांव के सादान गुर्जर, रामकृष्ण गुर्जर और राजू गुर्जर ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
फरियादी के अनुसार सादान गुर्जर ने लाठी से उसके सिर पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। इसके बाद राजू गुर्जर ने उसके दाहिने हाथ पर तथा रामकृष्ण गुर्जर ने बाएं हाथ की उंगली के पास लाठी से वार किया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से भी मारपीट की।
अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने अपने ट्रैक्टर से उसके ट्रैक्टर में टक्कर मारकर नुकसान भी पहुंचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों को शक था कि उनके कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की सूचना अर्जुन सिंह के परिवार द्वारा वन विभाग और पुलिस को दी जाती है। इसी रंजिश के चलते मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। बदरवास थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
