150 बीघा वन भूमि अतिक्रमण मुक्त, वन-राजस्व-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

शिवपुरी। सामान्य वनमण्डल शिवपुरी अंतर्गत वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन परिक्षेत्र कोलारस में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 150 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। वन, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र कोलारस की सबरेंज कोलारस-बी की बीट सनवारा अंतर्गत आरएफ कक्ष क्रमांक 127 एवं 129 की वन भूमि पर लंबे समय से अवैध अतिक्रमण किया गया था। मामले में आवश्यक दस्तावेजी एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी बेदखली आदेश के पालन में संयुक्त अमला मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान लगभग 150 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अभियान में तीन जेसीबी मशीनों और दो ट्रैक्टरों की सहायता ली गई। साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से मौके पर कंटूर ट्रेंच का निर्माण भी कराया गया।
यह कार्रवाई सामान्य वनमण्डल शिवपुरी के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्राधिकारी कोलारस के नेतृत्व में की गई। अभियान में वन परिक्षेत्राधिकारी बदरवास, वन परिक्षेत्राधिकारी शिवपुरी, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी तेंदुआ एवं रन्नौद सहित वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस बल का अमला मौजूद रहा।
वन विभाग ने ग्रामीणों एवं आसपास के लोगों को वन भूमि संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
