नए ऑटो की पूजा से पहले मातम: पलटने से 11 वर्षीय बालक की मौत, छह घायल

शिवपुरी। जिले के देहात थाना क्षेत्र स्थित झांसी लिंक रोड पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार नए खरीदे गए सीएनजी ऑटो की पूजा कराने बांकड़े हनुमान मंदिर जा रहा था।
जानकारी के अनुसार लुधावली निवासी राजेंद्र प्रजापति ने हाल ही में नया सीएनजी ऑटो खरीदा था। परिवार के सात सदस्य ऑटो में सवार होकर पूजा-अर्चना के लिए बांकड़े हनुमान मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान माधव टाइगर रिजर्व के गेट के पास मोड़ पर बने ब्रेकर से गुजरते समय ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में ऑटो में सवार 11 वर्षीय राज प्रजापति पुत्र नारायण प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में ऑटो में सवार छह अन्य लोग भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। परिवार की खुशियां नए वाहन की पूजा से पहले ही मातम में बदल गईं।
