1000826863

मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में हंगामा, परिजनों और सुरक्षा गार्डों में मारपीट

1000826863

शिवपुरी। जिला मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में सोमवार रात मरीज के परिजनों और सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार ठकुरपुरा निवासी एक बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। महिला को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराने के दौरान परिजनों के अंदर प्रवेश को लेकर सुरक्षा गार्डों से कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की एवं मारपीट होने लगी।

मरीज के परिजन किरण पाल ने आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्डों ने उनके बेटे को घेरकर उसके साथ मारपीट की। वहीं सुरक्षा गार्डों की ओर से भी परिजनों पर अभद्र व्यवहार करने और हाथापाई करने का आरोप लगाया गया है। घटना के चलते अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया।

हंगामे की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस किरण पाल और उनके परिजनों को थाने ले गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *