सुभाषपुरा पुलिस ने धोखाधड़ी और तमंचा रखने के मामले में 6 साल से फरार स्थायी वारंटी को किया गिरफ्तार

शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे स्थायी वारंटी गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना सुभाषपुरा पुलिस ने 6 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार रामबाबू पुत्र लखन मोगिया (28) निवासी गोपालपुर, थाना गोपालपुर, जिला शिवपुरी के खिलाफ न्यायालय शिवपुरी से तीन स्थायी वारंट जारी किए गए थे। आरोपी लंबे समय से धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। 15 जून 2026 को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम सेंवड़ा में शराब के नशे में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे माननीय न्यायालय शिवपुरी में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान, सउनि महेश शर्मा, प्रधान आरक्षक राजेश मिश्रा, आरक्षक अवधेश शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा, गोरे सिंह जादौन, सुखवीर सिंह जाट एवं अर्जुन सिंह जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
