विश्व रक्तदाता दिवस पर CIAT-CRPF शिवपुरी में रक्तदान शिविर, 53 यूनिट रक्त संग्रहित

शिवपुरी। जिले में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काउंटर इंसर्जेंसी एंड एंटी टेररिज्म स्कूल (सीआईएटी) में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के सहयोग से विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना था। शिविर में अधिकारियों, जवानों, प्रशिक्षुओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 53 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम सीआईएटी शिवपुरी के प्राचार्य एवं आईजीपी अशोक साम्याल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जीएमसी के डीन डॉ. डी. परमहंस, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अपराजिता तोमर, डॉ. शिल्पा, डॉ. पारुल गुप्ता तथा लॉयंस क्लब के सचिव सूरज बंसल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सीआईएटी के मुख्य प्रशिक्षक अधिकारी बृजेश कुमार ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए लोगों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान की अपील की।
अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने सीआरपीएफ की सामाजिक और जनहितकारी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा बल केवल देश की सुरक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं डॉ. डी. परमहंस और डॉ. अपराजिता तोमर ने रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर करते हुए इसे पूरी तरह सुरक्षित और जीवनरक्षक बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और सम्मान सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।
