1000821494

6 साल पुराने सगाई विवाद में चली गोली, रुपए मांगने पहुंचे युवक की पिंडली में लगे छर्रे

1000821494

शिवपुरी। जिले के पिछोर अनुविभाग के मायापुर थाना क्षेत्र स्थित महुआखेड़ा गांव में छह साल पुराने सगाई और लेन-देन के विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। ग्वालियर निवासी एक युवक पर कथित तौर पर तीन लोगों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली के छर्रे उसके पैर में जा लगे। घायल युवक को पहले पिछोर अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले के पनिहार थाना क्षेत्र के ग्राम पावटा निवासी रामलखन गुर्जर अपने रिश्तेदार के साथ महुआखेड़ा गांव में रहने वाले लल्लू उर्फ राधाकिशन गुर्जर से रुपए लेने जा रहा था। आरोप है कि महुआखेड़ा तालाब के पास पहुंचते ही बाइक पर सवार लल्लू गुर्जर, उसका बेटा मंगल सिंह गुर्जर और एक अन्य युवक वहां पहुंचे और रामलखन पर फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे उसके दाहिने पैर की पिंडली में लगे, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल रामलखन का आरोप है कि करीब छह साल पहले उसके छोटे भाई की सगाई लल्लू गुर्जर की बेटी से हुई थी। इसी दौरान जमीन खरीदने के नाम पर करीब 7 लाख रुपये लिए गए थे, लेकिन बाद में रिश्ता आगे नहीं बढ़ा और रकम भी वापस नहीं की गई। पिछले चार वर्षों से वह पैसे वापस मांग रहा था। हाल ही में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी, लेकिन विवाद सुलझ नहीं सका। मायापुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *