1000821062

बिजली के तार को लेकर पड़ोसियों में विवाद, महिला को सड़क पर घसीटकर पीटने का आरोप; CCTV आया सामने

1000821062

शिवपुरी। शहर की मदकपुरा कॉलोनी में बिजली के तार हटाने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। शनिवार दोपहर हुए इस विवाद में एक महिला के साथ कथित मारपीट और सड़क पर घसीटने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पड़ोसी शिवानी कुशवाह और मिथलेश लोधी के बीच पहले से कुछ विवाद चल रहा था। शनिवार को बिजली के तार हटाने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। शिवानी कुशवाह का आरोप है कि मिथलेश लोधी, उनके पति अमर लोधी और बेटे हजरत लोधी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उनके बाल पकड़कर सड़क पर गिराया गया और घसीटते हुए पीटा गया। घटना में घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें विवाद और मारपीट होती दिखाई दे रही है। मामले में देहात थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई की है। शिवानी कुशवाह की रिपोर्ट पर मिथलेश लोधी, अमर लोधी और हजरत लोधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि मिथलेश लोधी की शिकायत पर शिवानी कुशवाह और उनके पति के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *