NH-46 पर बड़ा हादसा टला: कैंटर की टक्कर से तीन हिस्सों में बंटा ट्रैक्टर, चालक फरार

शिवपुरी। जिले की लुकवासा चौकी अंतर्गत पूरनखेड़ी के पास रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। अशोकनगर से बांस लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर को पीछे से आ रही आयशर कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर तीन हिस्सों में बंट गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर बांस भरकर अशोकनगर से बीरखेड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान शिवपुरी की तरफ से आ रही मिर्च से लदी आयशर कैंटर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर पर लदा बांस सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सड़क से बांस हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पूरनखेड़ी के पास नव निर्मित ब्रिज का निर्माण कार्य चलने के कारण इस क्षेत्र में फिलहाल सिंगल लेन से यातायात संचालित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन से मार्ग को जल्द चौड़ा करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि बरसात के मौसम में समय रहते सुधार नहीं किए गए तो यहां गंभीर हादसे हो सकते हैं।
