भैंस चराने गए दो चचेरे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सिनदउआ गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 वर्षीय अनिकेत पाल और 12 वर्षीय शिवकुमार पाल रविवार सुबह भैंस चराने के लिए गांव के बाहर स्थित तालाब की ओर गए थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तालाब किनारे बच्चों के कपड़े और अन्य सामान मिले, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई।
सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से तालाब में तलाश अभियान चलाया। कुछ देर बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बरामद कर लिए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नहाने या पानी के करीब जाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
