खाद ट्रक मामले में बढ़ा सियासी घमासान, कांग्रेस ने मांगी असली आरोपियों की पहचान

शिवपुरी। जिले के कोलारस में खाद से भरे ट्रक की जब्ती और एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मामले का पूरा खुलासा नहीं होने पर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोलारस के अध्यक्ष बलभद्र सिंह धाकड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशासन ने मां कैला देवी वेयरहाउस परिसर से खाद से भरा ट्रक जब्त किया था, लेकिन अब तक केवल चालक और हेल्पर के खिलाफ ही कार्रवाई की गई है। पार्टी ने सवाल उठाया है कि आखिर खाद किसकी थी, इसे किसने मंगवाया और वेयरहाउस तक पहुंचाने के पीछे कौन लोग शामिल थे। कांग्रेस का आरोप है कि ट्रक पकड़े जाने से पहले बड़ी मात्रा में खाद बाजार में खपाई जा चुकी थी, जिसकी भी गहन जांच की जानी चाहिए।
ज्ञापन में कांग्रेस ने ट्रक में मिली खाद के वास्तविक मालिक, परिवहन से जुड़े लोगों और वेयरहाउस प्रबंधन की भूमिका की जांच की मांग की है। पार्टी का कहना है कि प्रदेश में किसान पहले ही खाद संकट से जूझ रहे हैं, ऐसे में संदिग्ध तरीके से खाद का बाजार में पहुंचना गंभीर मामला है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलभद्र सिंह धाकड़ ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर मुख्य जिम्मेदार लोगों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए और कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस आंदोलन करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रशासन ने खाद से भरे ट्रक को जब्त कर चालक और हेल्पर के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की थी। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जब्त खाद किसके लिए लाई गई थी और पूरे मामले के पीछे कौन लोग शामिल थे, जिससे विवाद और गहरा गया है।
