मजदूरी के 3.50 लाख रुपये लेकर फरार हुए ठेकेदार! 22 मजदूर पहुंचे कोतवाली, कार्रवाई की मांग

शिवपुरी। जिले में निर्माण कार्य से जुड़े 22 मजदूरों ने दो ठेकेदारों पर लाखों रुपये की मजदूरी हड़पकर फरार होने का आरोप लगाया है। शनिवार को सभी मजदूर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को आवेदन सौंपकर बकाया भुगतान दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मजदूरों का कहना है कि उनकी करीब 3 लाख 50 हजार रुपये की मजदूरी अब तक नहीं मिली है।
मजदूरों के अनुसार उन्होंने 11 मई से 8 जून 2026 तक शहर के संध्या लक्सूरिया में बन रहे विवाह स्थल के निर्माण कार्य में राजमिस्त्री और बेलदार के रूप में काम किया था। आवेदन में कप्तान कुशवाह, गोपाल, गोलू, छोटू, दीपू, अमित, सोनू, रामदीन, भगवान सिंह, सुघर सिंह, रामेश्वर सहित अन्य मजदूरों के नाम शामिल हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य का ठेका मुरैना जिले के बामसौली निवासी महेश कुशवाह और अरविंद सिंह जादौन के पास था।
मजदूरों का कहना है कि ठेकेदारों ने भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में दूसरी साइट पर जाने की बात कहकर चले गए। इसके बाद से दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार उनकी मेहनत की कमाई लेकर फरार हो गए हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कोतवाली पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
