नाली साफ करते समय सांप ने डसा, झाड़फूंक के भरोसे गंवाई जान; 40 वर्षीय युवक की मौत

शिवपुरी। जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के किलाऊनी गांव में शनिवार को सांप के काटने से एक 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सांप के डसने के बाद परिजनों ने समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक का सहारा लिया, जिससे युवक की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
जानकारी के अनुसार किलाऊनी निवासी हरिचरण धाकड़ (40) शनिवार को अपने घर के बाहर नाली की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान नाली के पास छिपे एक सांप ने उनकी उंगली पर काट लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हरिचरण ने हाथ झटका तो सांप तुरंत अलग हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों ने पहले झाड़फूंक करवाई, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। चिकित्सकों का कहना है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।
