1000814474

भदेरा में जुए के चौपाल का विवाद बना रणक्षेत्र: दो पक्षों में मारपीट, 12 लोगो पर क्रॉस FIR दर्ज

1000814474

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम भदेरा में रुपए के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाते हुए बैराड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष की ओर से अरविन्द्र रावत ने शिकायत दर्ज कराई है कि 11 जून की रात करीब 10 बजे उसका भाई मंगल रावत गांव की किराना दुकान पर बैठा था। इसी दौरान आनंद कुशवाह और गंगाराम कुशवाह दुकान पर पहुंचे और रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि कहासुनी के बाद आनंद कुशवाह ने कांच की बोतल मंगल रावत के सिर पर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद गंगाराम, चरनू, छत्ते और शिवसिंह कुशवाह ने भी डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। घायल मंगल रावत को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से आनंद कुशवाह ने पुलिस को बताया कि वह दुकान पर बीयर लेने गया था, जहां पुरानी रंजिश के चलते मंगल रावत ने उसके साथ गाली-गलौज की और बीयर की बोतल सिर पर मार दी। आनंद का आरोप है कि बाद में जब वह घर पहुंचा तो हेमंत रावत, लल्लू रावत और अन्य लोग लाठियां लेकर उसके घर में घुस आए तथा उसके पिता चरनू कुशवाह और मां सम्पत बाई कुशवाह के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों को भी चोटें आईं।

सूत्रो से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह आनन्द और मंगल जुआ खेल रहे थे इस बीच मंगल रावत 20 से 25 हजार रूपए हार गया था। जिसके बाद मंगल ने जुए में जीते आनन्द से 500 रूपए की मांग की थी लेकिन आनन्द ने मंगल को 500 रूपए नही दिए जिसके बाद विवाद खड़ा हो जाता है और दोनो पक्षों में मारपीट शुरू हो जाती है।

दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आने के बाद बैराड़ पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर क्रॉस प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *