ज्वेलर्स को 11 दिन तक नहीं लगी भनक, ग्राहक बनकर आए युवकों ने सोने की बाली बदलकर रख दी पीतल की

शिवपुरी। शहर के सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर बेहद शातिर तरीके से चोरी की वारदात सामने आई है। दो युवक ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे और सोने की बाली चोरी कर उसकी जगह पीतल की बाली रखकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इस चोरी का खुलासा 11 दिन बाद हुआ, जब दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जानकारी के अनुसार कनक ज्वेलर्स के संचालक विष्णु सोनी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 1 जून को दो युवक उनकी दुकान पर आए और सोने की बालियां देखने लगे। दुकानदार ने उनके सामने बालियों की ट्रे रख दी। इसी दौरान एक युवक बातचीत में उलझाता रहा, जबकि दूसरा मौका पाकर ट्रे से सोने की बाली निकाल ले गया।
आरोपी ने चोरी छिपाने के लिए अपनी जेब से निकाली हुई पीतल की बाली उसी स्थान पर रख दी, जिससे किसी को तत्काल शक न हो। इसके बाद दोनों युवक आराम से दुकान से निकल गए।
गुरुवार को जब एक अन्य ग्राहक को बालियां दिखाई जा रही थीं, तब ट्रे में रखी एक बाली संदिग्ध लगी। जांच करने पर वह पीतल की निकली। इसके बाद दुकानदार ने पुराने सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें दोनों युवकों की पूरी करतूत कैद मिली। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक ध्यान भटका रहा है, जबकि दूसरा सोने की बाली बदलकर पीतल की बाली रख रहा है।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
