कंटेनर में ठूंस-ठूंसकर भरे गए गौवंश, पोहरी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा: आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

शिवपुरी। जिले की पोहरी थाना पुलिस ने गौवंश की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से क्रूरता पूर्वक भरे गए गौवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुड़ा गांव के पास एक कंटेनर में गौवंश को क्रूरता पूर्वक भरकर परिवहन करने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कंटेनर क्रमांक RJ26GA9080 को पकड़ लिया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। जब कंटेनर की तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी संख्या में गाय के बछड़े अमानवीय तरीके से भरे मिले। कंटेनर खोलते ही कुछ गौवंश निकलकर जंगल की ओर भाग गए, जबकि शेष गौवंश को सुरक्षित निकालकर मेडिकल परीक्षण के बाद गौशाला भेज दिया गया।
पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 4, 6, 9 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक हृदेश पाराशर, आरक्षक मुनेश धाकड़, राघवेन्द्र यादव, अरविंद कुशवाह एवं धर्मेन्द्र रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
