नाबालिग दलित बालिका पर हमले पर कोली समाज ने सौंपा ज्ञापन; आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

1000811455

शिवपुरी। पिछोर तहसील में नाबालिग दलित बालिका पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में गुरुवार को अखिल भारतीय कोली समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा, आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग भी उठाई।

ज्ञापन में बताया गया कि 5 जून 2026 को गांव के कुछ लोगों द्वारा नाबालिग बालिका पर कथित रूप से प्राणघातक हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वर्तमान में उसका उपचार ग्वालियर में चल रहा है। समाज का कहना है कि घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर है।

कोली समाज ने आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने, उनके अवैध निर्माण और अतिक्रमण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

ज्ञापन में परिवार को पुलिस सुरक्षा देने, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने, परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने, पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंस प्रदान करने की मांग भी की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महामंत्री एडवोकेट राजकुमार शाक्य, प्रदेश सचिव भगवती प्रसाद कबीर, जिलाध्यक्ष गोपाल कबीरपंथी, कल्पना सिनौरिया, श्यामलाल शाक्य, मदन देशवारी, करण सिंह शाक्य सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *