रात में पहरा दे रहे ग्रामीणों ने दबोचे तार चोर, खंभों से तार काटते हुए रंगे हाथ पकड़े गए तीन आरोपी

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरी करने वाले तीन आरोपियों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बिजली के तार और तार काटने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीजरी गांव निवासी रणवीर सिंह दांगी के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बिजली के खंभों से तार चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। इससे परेशान होकर ग्रामीण रात में निगरानी कर रहे थे। गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे रणवीर सिंह दांगी अपने साथियों काले सरदार, राजू दांगी, गुरतेज और भूरा दांगी के साथ बीजरी से देहरदा गणेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवेन्द्र सिंह दांगी के खेत के पास खंभों के आसपास टॉर्च की रोशनी दिखाई दी।
संदेह होने पर ग्रामीण छिपकर निगरानी करने लगे। कुछ देर बाद तीन लोग बिजली के खंभों से उतारे गए तारों को काटते हुए दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शरद खटीक (45) निवासी खरैह, आशीष लोधी (30) निवासी भडौता और छोटू लोधी (18) निवासी खरैह बताए।
ग्रामीणों ने मौके से चोरी किए गए बिजली के तार, लोहे का बका और प्लास भी बरामद किए। इसके बाद तीनों आरोपियों को सामान सहित कोलारस थाने ले जाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े तार चोरी गिरोह से तो नहीं है।
