थाली में भरा पानी, विरोध किया तो मारपीट का आरोप; महिला बोली- 5 दिन से FIR के लिए भटक रही हूं

शिवपुरी। जिले के सीहोर थाना क्षेत्र के ग्राम गनियार की रहने वाली सीमा कुशवाह ने गांव के दो भाइयों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि घटना के पांच दिन बाद भी उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें दूसरी बार एसपी कार्यालय आना पड़ा।
सीमा कुशवाह के अनुसार 7 जून की सुबह वह अपने घर पर खाना खा रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी दौलत सिंह कुशवाह ने पानी की पाइपलाइन चालू कर दी, जिससे उनकी थाली में पानी भर गया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। महिला का आरोप है कि दौलत सिंह ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके चेहरे और नाक के पास गंभीर चोटें आईं और उन्हें टांके लगवाने पड़े।
पीड़िता का कहना है कि विवाद के दौरान सतेन्द्र कुशवाह भी मौके पर पहुंच गया और दोनों भाइयों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। जब उनके पति बीच-बचाव करने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद वह शिकायत लेकर सीहोर थाने पहुंचीं, लेकिन वहां उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
महिला ने आरोप लगाया कि जनसुनवाई में शिकायत करने और कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने दूसरी बार एसपी कार्यालय पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
