1000768065

सांदीपनि स्कूल में विवादों की परतें खुलीं, एबीवीपी के ज्ञापन के बाद प्रशासन सक्रिय, सांदीपनि विद्यालय में जांच

1000768065

शिवपुरी। शासकीय सांदीपनि विद्यालय में प्रोजेक्ट अंकों के वितरण को लेकर उठे विवाद के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा शिकायत और ज्ञापन सौंपे जाने के बाद डिप्टी कलेक्टर विद्यालय पहुंचीं और संबंधित पक्षों से जानकारी ली।

विद्यार्थी परिषद का आरोप है कि विद्यालय में प्रोजेक्ट अंकों के वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती गई। कुछ विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट जमा करने के बावजूद कम अंक दिए गए, जबकि कुछ अन्य छात्रों को बिना प्रोजेक्ट कार्य के अधिक अंक मिलने की शिकायतें सामने आई हैं। परिषद ने इसे छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
निरीक्षण के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि वीडियो में कथित रूप से विद्यालय परिसर में एक शिक्षक द्वारा अपनी वैवाहिक वर्षगांठ का कार्यक्रम मनाया गया है। परिषद ने प्रशासन से पूछा कि यदि वीडियो सही पाया जाता है तो क्या विद्यालय परिसर में निजी आयोजन की अनुमति थी।

इसके अलावा विद्यालय की पिकनिक यात्रा को लेकर भी सवाल उठाए गए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बस के भीतर आपत्तिजनक गीतों पर नृत्य होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की भी जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि यात्रा के दौरान विद्यालय की मर्यादा और नियमों का पालन हुआ था या नहीं।
डिप्टी कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की है। हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल छात्र, अभिभावक और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। उनकी मांग है कि प्रोजेक्ट अंकों के विवाद के साथ-साथ वायरल वीडियो और अन्य शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *