1000767835

कोलारस में 2 हजार घनमीटर से ज्यादा एम-सैंड और गिट्टी जब्त, जेसीबी-डम्पर भी पकड़े

1000767835

शिवपुरी। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलारस क्षेत्र में भारी मात्रा में खनिज सामग्री जब्त की है। कलेक्टर के निर्देश पर गठित जिला टास्क फोर्स ने ग्राम पड़ोरा में छापामार कार्रवाई कर 555 घनमीटर एम-सैंड और 1444 घनमीटर गिट्टी जब्त की है। साथ ही एक जेसीबी, एक डम्पर और दो मिक्सर मशीनें भी कब्जे में ली गई हैं।

जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोलारस के नेतृत्व में तहसीलदार और खनिज विभाग की टीम ने ग्राम पड़ोरा स्थित सर्वे नंबर 681/1 का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में खनिज सामग्री का भंडारण मिला, लेकिन संबंधित व्यक्ति कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पंचनामा बनाकर खनिज सामग्री और मशीनरी को जब्त कर पुलिस थाना कोलारस की अभिरक्षा में रखवाया गया।

प्रशासन ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की कार्रवाई के लिए मामला कलेक्टर न्यायालय को भेज दिया है।

इधर अवैध खनिज परिवहन के मामलों में भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर द्वारा छह प्रकरणों में जब्त छह डम्पर और हाईवा वाहनों के मालिकों पर अधिकतम अर्थदंड लगाया गया है। इस कार्रवाई में कुल 8 लाख 61 हजार 376 रुपये की राशि शासन के खाते में जमा कराई गई है।

जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *