1000767877

जनसुनवाई में गूंजे खेल मैदान और फर्जी बैंक खातों के मुद्दे, बेटी की शादी से पहले मदद की गुहार

1000767877

किसानों की उपार्जन राशि निकालने की शिकायतें पहुंचीं कलेक्टर के पास

शिवपुरी। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने आमजन की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और जांच के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम पंचायत पिपारा के युवा खिलाड़ियों, छात्रों और ग्रामीणों ने गांव में शासकीय खेल मैदान निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि 5 से 8 हजार की आबादी वाले गांव में आज तक खेल मैदान नहीं बन सका है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने गांव में खेल मैदान निर्माण की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।

वहीं बदरवास तहसील के पिरोंठ गांव की मुलाम बाई यादव ने शिकायत की कि उनके नाम से फीनो बैंक में फर्जी खाता खोलकर गेहूं उपार्जन की 28,100 रुपये की राशि निकाल ली गई। उन्होंने बताया कि खाते में दर्ज मोबाइल नंबर उनका नहीं है और उनके खाते में मौजूद 1,00,711 रुपये की राशि भी होल्ड कर दी गई है। उन्होंने साइबर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की।

इसी तरह पिछोर तहसील के उमरी खुर्द गांव की रानी तिवारी ने भी उपार्जन राशि फर्जी खाते में निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी निकट है और आर्थिक तंगी के कारण उन्हें तत्काल राशि की आवश्यकता है। रानी तिवारी ने प्रशासन से सहायता और राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई।

जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *