जनसुनवाई के आवेदनों में लापरवाही भारी, दो पटवारी निलंबित
कलेक्टर अर्पित वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद कार्रवाई, समय पर निराकरण नहीं करने पर गिरी गाज

शिवपुरी। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले दो पटवारियों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर पिछोर एसडीएम ने दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पहले ही सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए थे तथा लापरवाही करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
इसी क्रम में तहसील खनियाधाना के ग्राम पहाड़पुर हल्का के पटवारी वासुदेव पाल तथा तहसील पिछोर के ग्राम भौंती हल्का के पटवारी रामनिवास यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
